
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ED की टीम उत्तर प्रदेश के रामपुर और सहारनपुर के अलावा दिल्ली में भी कार्रवाई कर रही है।
रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय में ED की टीम सुबह करीब 7 बजे पहुंची। टीम यहां दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ED ने स्थानीय पुलिस से आजम खान के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी मांगी थी। जानकारी उपलब्ध नहीं होने के बाद ED की टीम खुद मौके पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की जा रही है। ED अधिकारी विश्वविद्यालय से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।









