श्रीलंका के खिलाफ T20 और ODI सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, नए खिलाड़ियों को मिला मौका

डेस्क : श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के लिए इंग्लैंड ने अपनी दोनों टीमों की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड मेंस टीम के चयनकर्ताओं ने T20 और ODI सीरीज के लिए 16-16 खिलाड़ियों को चुना है। दोनों टीमों की कप्तानी हैरी ब्रूक करेंगे। T20 टीम में डर्बीशायर के ओपनिंग बल्लेबाज एन्यूरिन डोनाल्ड को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंग्लैंड की टीम में जगह मिली है। वहीं, तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकॉम्बे को पहली बार ODI टीम में शामिल किया गया है।

जेमी ओवरटन की हुई वापसी

बता दे कि ऑलराउंडर जेमी ओवरटन की दोनों फॉर्मेट की टीमों में वापसी हुई है। जांघ की चोट के चलते वह भारत के खिलाफ इंग्लैंड की पिछली वाइट-बॉल सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके थे। वहीं, फिल सॉल्ट दाहिनी जांघ की चोट के कारण श्रीलंका सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। जैकब बेथेल भी टीम का हिस्सा नहीं हैं। उनके चोटिल घुटने की इस सप्ताह सफल सर्जरी हुई है।

T20 टीम में इन खिलाड़ियों को मिली जगह

हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, टॉम बैंटन, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, लियाम डॉसन, एन्यूरिन डोनाल्ड, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद और जोश टोंग को T20 टीम में चुना गया है।

ODI टीम में जो रूट भी शामिल

वनडे टीम में हैरी ब्रूक की कप्तानी में रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, सॉनी बेकर, जोस बटलर, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकॉम्बे, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट और जोश टोंग को जगह मिली है।

सितंबर में खेली जाएगी सीरीज

श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला 15 सितंबर को होगा। दूसरा T20 17 सितंबर और तीसरा मुकाबला 19 सितंबर को खेला जाएगा।इसके बाद तीन मैचों की ODI सीरीज शुरू होगी। पहला वनडे 22 सितंबर, दूसरा 24 सितंबर और तीसरा ODI 27 सितंबर को खेला जाएगा।

चयनकर्ताओं ने नए खिलाड़ियों पर जताया भरोसा

इंग्लैंड मेंस टीम के नेशनल सेलेक्टर मार्कस नॉर्थ ने एन्यूरिन डोनाल्ड और हेनरी क्रोकॉम्बे को घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ने डर्बीशायर के लिए वाइटैलिटी ब्लास्ट और ट्रेंट रॉकेट्स के लिए द हंड्रेड में शानदार सीजन बिताया है, जबकि क्रोकॉम्बे पर चयनकर्ताओं की पूरे समर के दौरान नजर रही है।

Related Articles

Back to top button