
बुलंदशहर: जिगाना पिस्टल से दूल्हे की फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, दूल्हे शादाब ने शहबाज से जिगाना पिस्टल 6 लाख रुपये में तीन दिन के लिए किराए पर ली थी। शहबाज का नाम सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी सामने आया था। आरोप है कि शहबाज ने मूसेवाला हत्याकांड में जिगाना पिस्टल सप्लाई की थी, जिसके बाद NIA ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
बताया जा रहा है कि जिगाना पिस्टल सप्लाई करने के मामले में शहबाज जेल गया था। पैरोल पर बाहर आने के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। वहीं, बुलंदशहर पुलिस की FIR को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि शादाब के खिलाफ FIR में सिर्फ BNS की धारा 125 लगाई गई, जबकि उसके पास भारत में प्रतिबंधित तुर्की मेड जिगाना पिस्टल होने की बात सामने आई है।
वही शादाब के पिता शफीक मदीना मीट फैक्ट्री के मालिक बताए जा रहे हैं। शादाब के जिगाना पिस्टल के साथ कई वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया गया है कि शादाब और हाजी शफीक तीन दिन पहले से फरार हैं।
शादाब पर पहले भी फायरिंग का आरोप लग चुका है। 2022 में अपनी शादी के दौरान उसने फायरिंग की थी और एक युवक पर जिगाना पिस्टल तानने की बात भी सामने आई थी।









