
गाजियाबाद : प्रदेश में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी है। पुलिस प्रशासन का बदमाशों में खौफ नहीं दिख रहा है। अभी कुछ दिन पहले गाजियाबाद के एसएसपी को सरकार ने सस्पेंड कर दिया गया था। एसएसपी को हटाए जाने के पीछे एक प्रमुख तर्क यह दिया गया था की वह क्राइम कंट्रोल करने में असमर्थ रहे थे। लेकिन लगता है बदमाशों पर इसका कोई असर नहीं हुआ तभी तो दिनदहाड़े देश की प्रमुख बैंक पीएनबी में बदमाशों ने डाका डाल दिया और 12 लाख रुपये लूट ले गए।
आपको बता दे कि हथियार के बल पर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। लूट के वक्त बैंक में कोई भी सिक्योरिटी गार्ड नहीं था। इससे पहले भी गाजियाबाद में 25 लाख की लूट हुई थी। तब एक पेट्रोल पम्प मालिक से 25 लाख की लूट की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया था। बाद में उक्त घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी।
गाजियाबाद में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद है की उनको पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं है तभी तो पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। इसके बाद से गाजियाबाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह उठ रहे है। अब देखना होगा की पुलिस इस मामले में क्या कार्यवाही करती है।








