
नई दिल्ली: जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की। दोनों देशों के बीच इस वर्ष राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
व्यापार, निवेश और रक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, पीएम मोदी और चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
दोनों ने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करते रहने पर सहमति जताई।
इन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ गर्मजोशी भरी और सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दोनों देशों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस साझेदारी में व्यापार एवं निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत प्रौद्योगिकी और प्रतिभाओं के आदान-प्रदान समेत अन्य अहम क्षेत्र शामिल हैं।
‘जर्मनी यूरोप के साथ भारत के संबंधों का अहम स्तंभ’
प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी को यूरोप के साथ भारत के संबंधों का एक अहम स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि जर्मनी वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए भारत का एक मूल्यवान साझेदार है।
पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश अपने लोगों के फायदे के लिए भविष्योन्मुखी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम करते रहेंगे।









