
लखनऊ/गोंडा: गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को सियासी संदेश देने की कोशिश की है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बिना किसी का नाम लिए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा के साथ रहने पर पद तो मिल सकता है, लेकिन सम्मान नहीं।
अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपा का राज सत्ता सजातीयों के ‘दंभ, घमंड, अहंकार’ का आपराधिक त्रिगुट है। उन्होंने कहा कि जो लोग समझते हैं कि सत्ता के साथ रहने से उनकी इज्जत और रुतबा बढ़ता है, वे भी अब समझ गए हैं कि भाजपा में दिखावे का पद तो मिल सकता है, लेकिन सम्मान नहीं।
सपा अध्यक्ष ने आगे आरोप लगाया कि भाजपाई वर्चस्ववादी अपने प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए किसी की हत्या भी कर सकते हैं और किसी को जमीन पर बैठने के लिए मजबूर भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ा बढ़ रही है, इसलिए पीडीए बढ़ रहा है और पीडीए की एकता भी बढ़ रही है।
क्या है विनोद साहनी हत्याकांड?
पारसपुर इलाके के रेक्सडिया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे। 10 सितंबर को लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार शाम गोंडा में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने विनोद साहनी पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार, साहनी ने तीन हमलावरों की पहचान कर ली थी।
10 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस
विनोद साहनी की शिकायत के आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) राधेश्याम राय ने बताया कि साहनी की मौत के बाद FIR में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।
विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है। अखिलेश यादव के बयान के बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है और भाजपा सरकार को लेकर सपा की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं।









