BRICS Summit 2026: भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन का दूसरा दिन, समावेशी विकास पर होगा महामंथन

दिल्ली में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन का दूसरा दिन है। भारत मंडपम में नेताओं के आगमन और ग्रुप फोटो के बाद पीएम मोदी कजाकिस्तान, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका समेत 7 देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। सम्मेलन के दूसरे दिन की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय नेताओं के आगमन और वैश्विक कूटनीति के साथ होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 9:55 बजे विभिन्न देशों के शीर्ष नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे, जिसके बाद सुबह 10:35 बजे ब्रिक्स के सदस्य देशों, साझेदार राष्ट्रों और आमंत्रित देशों के प्रमुखों के साथ एक भव्य ग्रुप फोटो का आयोजन किया जाएगा।

आज के सत्र का मुख्य एजेंडा ‘समावेशी वैश्विक विकास’ (Inclusive Global Development) और आर्थिक सहयोग पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन और विकासशील देशों की प्राथमिकताओं पर गहन मंथन किया जाएगा।

कूटनीतिक लिहाज से आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 7 प्रमुख देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय (Bilateral) बैठकें करेंगे। पीएम मोदी की पहली द्विपक्षीय वार्ता दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ होगी। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति और 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति के साथ बैठकें तय की गई हैं।

शाम के सत्र में भी कूटनीतिक बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। पीएम मोदी शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति, 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर द्विपक्षीय संबंधों व व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देंगे।

Related Articles

Back to top button