
चंडीगढ़: आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनाव की तैयारियों का आगाज करते हुए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची आधिकारिक तौर पर जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी इस सूची में कई बड़े चेहरों और मौजूदा मंत्रियों पर फिर से भरोसा जताया गया है।
जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर उनकी पारंपरिक सीट धुरी (Dhuri) से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने सांगठनिक मजबूती और चुनावी समीकरणों को साधते हुए कई प्रमुख नेताओं को मैदान में उतारा है। बटाल से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, और तरनतारन से हरमीत सिंह संधू को टिकट दिया गया है। साथ ही नकोदर से इंद्रजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, और होशियारपुर से ब्रम शंकर शर्मा जिम्पा के नाम भी इस पहली सूची में शामिल हैं।
पार्टी ने राज्य के अलग-अलग जिलों जैसे लुधियाना, मोगा, फाजिल्का, पटियाला और बठिंडा क्षेत्र की सीटों पर भी अपने मजबूत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा और पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को मैदान में उतारा गया है। आम आदमी पार्टी द्वारा चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों की घोषणा करने को एक सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर तैयारी करने का पूरा वक्त मिल सके। इस सूची के आने के बाद राज्य का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है।









