
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद ग्रामीण क्षेत्र से बॉलीवुड फिल्म ‘बागबान’ जैसी एक भावुक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 51 साल तक साथ जीवन बिताने वाले एक बुजुर्ग दंपति को उनके चार बेटों ने आपस में बांट दिया। बेटों की इस व्यवस्था के तहत दो बेटे अपनी 75 वर्षीय मां सत्यवती को अपने साथ ले गए, जबकि दो बेटे पिता को साथ रखने लगे।
बता दें, अलग-अलग रहने के कारण पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद और दूरियां बढ़ती चली गईं। आखिरकार तंग आकर 75 वर्षीय सत्यवती न्याय की गुहार लगाने पुलिस के दरवाजे तक पहुँच गईं। उन्होंने अपने पति से अलग रहने और जीवनयापन के लिए भरण-पोषण की मांग उठाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे महिला थाना सेल में काउंसलिंग के लिए भेजा।
महिला सेल की प्रभारी अलका चौधरी की मौजूदगी में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई। हालांकि, लंबी बातचीत और समझाए जाने के बावजूद बुजुर्ग पति-पत्नी के बीच दोबारा एक साथ रहने पर सहमति नहीं बन सकी। अंततः समझौते के तहत पति अपनी पत्नी सत्यवती को हर महीने ₹5,000 की भरण-पोषण राशि देने पर राजी हो गया। बेटों की इस संवेदनहीनता और बुजुर्ग माता-पिता के बिखराव की चर्चा पूरे इलाके में बनी हुई है।









