NRHM घोटाले में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव की मुश्किलें बढ़ीं, ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का दर्ज किया केस; विजिलेंस ने पहले किया था गिरफ्तार

लखनऊ। बहुचर्चित राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NRHM) घोटाले और आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपित पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव उर्फ ज्ञानेंद्र प्रताप की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया था।

आय से अधिक संपत्ति का मामला

विजिलेंस ने पूर्व विधायक को पिछली 10 जून को आय से अधिक संपत्ति के मामले में लखनऊ के वेब माल से गिरफ्तार किया था। जांच के मुताबिक, निर्धारित अवधि में आरोपित की वैध आय करीब 1.12 करोड़ रुपये थी, जबकि संपत्तियां खरीदने और भरण-पोषण आदि पर करीब 1.80 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इस तरह आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 67.30 लाख रुपये अधिक खर्च किए जाने का मामला सामने आया था।

NRHM घोटाले की जांच जारी

NRHM घोटाले से जुड़े मामलों में श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा और बहराइच में स्वास्थ्य योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों और खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच चल रही है। जांच में बिना काम कराए या आंशिक काम के बावजूद पूरा भुगतान, अधिक दरों पर खरीद और दवाओं की आपूर्ति में अनियमितताओं जैसे आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

ED करेगी धन के स्रोत की पड़ताल

इसी आधार पर ED ने भी पूर्व विधायक के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। पिछले दिनों ED ने विजिलेंस से अब तक की जांच की रिपोर्ट मांगी थी। अब ED इस मामले में पूर्व विधायक के धन के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल करेगी।

कंपनियों के जरिए काली कमाई के ट्रांसफर की जांच

अब तक की जांच में यह बात भी सामने आई है कि पूर्व विधायक और उनके करीबियों ने विभिन्न कंपनियों के माध्यम से काली कमाई को स्थानांतरित किया था। ED पूर्व विधायक के बैंक खातों और उनसे जुड़ी कंपनियों के बैंक खातों की भी जांच करेगी।

Related Articles

Back to top button