
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के 51 साल बाद एक बुजुर्ग दंपति का रिश्ता तलाक तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए दोनों की काउंसलिंग कराई और 51 साल पुराने इस रिश्ते को टूटने से बचा लिया।
कैसे बढ़ा विवाद?
70 वर्षीय पत्नी और 75 वर्षीय पति के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक जा पहुंचा। दोनों के चार बेटे हैं, जिनमें दो वकील और दो दुकानदार हैं। परिवार में दरार तब आई जब दो बेटों ने मां को अपने पास और दो ने पिता को अपने पास रख लिया। इससे दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गईं और बातचीत तक बंद हो गई।
दवाई के पैसे पर हुआ विवाद
कुछ दिन पहले पति पत्नी को अपने साथ ले आया, लेकिन जब पत्नी बीमार हुई और उसने दवाई के लिए पैसे मांगे, तो पति ने देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला तलाक तक पहुंच गया।
पुलिस ने बचाई शादी
बुलंदशहर पुलिस ने दोनों को समझाया और काउंसलिंग कराई। इसके बाद तय किया गया कि पति हर महीने पत्नी को 5 हजार रुपये देगा और भविष्य में कोई दिक्कत नहीं आने देगा। इस तरह 51 साल पुराना यह रिश्ता टूटने से बच गया।









