
लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट रनवे छूते ही तेज हवा के झोंके से लहरा गई। कुछ समय के लिए दहशत से यात्री सहम गए। पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए विमान को ऊपर उठा लिया और आसमान में लंबा चक्कर काटने के बाद सुरक्षित तरीके से लैंड कराया।
कैसे हुआ यह घटनाक्रम?
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E 2151 दिल्ली से शाम 7:37 बजे उड़ान भरकर लखनऊ में रात 8:39 बजे लैंड होनी थी। फ्लाइट समय पर लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे के पास पहुंच गई थी। लेकिन जैसे ही विमान उतरने को हुआ, किनारे से आ रही तेज हवा उसमें बाधा बनने लगी। खतरे को देखते हुए पायलट ने लैंड करने के बजाय टचडाउन के तुरंत बाद विमान को फिर से ऊपर उठा लिया। इस दौरान सभी यात्री दहशत में आ गए। आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।









