
फिरोजाबाद। जिले में मंगलवार रात पशु व्यापारी से 41 लाख रुपये कैश लूटकर भागे कार सवार बदमाशों की तलाश में पुलिस देर रात तक भटकती रही, लेकिन बदमाश जिले की सीमा से निकलकर ग्वालियर की ओर भाग गए। बुधवार सुबह चार बजे मुरैना में उनकी कार एक डंपर से जा भिड़ी। हादसे में चारों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। कार में कैश और पिस्टल मिलने के बाद शाम को बदमाशों के होश में आने पर पूछताछ की गई, जिससे पूरा मामला खुल गया।
कैसे हुई लूट की वारदात?
पशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले जान मोहम्मद मंगलवार रात दो बजे अपने दो साथियों के साथ व्यापार के सिलसिले में इटावा जाने के लिए निकले थे। उनके पास 41 लाख रुपये कैश था। रात करीब 1:45 बजे घर से दो सौ मीटर दूर रसूलपुर क्षेत्र में लालपुर मंडी रोड पर पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल दिखाकर कैश लूटकर भाग निकले। लूट की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
मुरैना में हादसे ने खोला राज
ग्वालियर की ओर भागे बदमाशों की कार बुधवार सुबह चार बजे मुरैना में बैरियर चौराहा के पास एक डंपर से टकरा गई। पुलिस ने कार सवार घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया। कार की तलाशी में सीटों के नीचे से दो पिस्टल, अन्य हथियार और कैश से भरा बैग बरामद हुआ। उपचार के बाद पूछताछ में फिरोजाबाद से हुई लूट की जानकारी सामने आई।
एसपी मुरैना ने दी सूचना
एसपी मुरैना धर्मराज मीना ने फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांग्हे को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम ग्वालियर के लिए रवाना कर दी गई। बदमाशों की पहचान भोपाल के ऐशबाग स्टेडियम के पास रहने वाले आबिद, आसिफ खान, रेहान खान और साहिद खान के रूप में हुई है। फिरोजाबाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ के लिए भोपाल की ओर भी रवाना हो चुकी है।









