अमन सहरावत ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में जीता 57 किग्रा फ्रीस्टाइल का गोल्ड

डेस्क : भारतीय कुश्ती के युवा सितारे अमन सहरावत ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अमन ने नॉर्थ कोरिया के वर्ल्ड चैंपियन हांग चोंग सोंग को 11-7 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ अमन ने 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में भारत को एशियन गेम्स का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।

वर्ल्ड चैंपियन को हराकर जीता गोल्ड

बता दे कि फाइनल में अमन के सामने वर्ल्ड चैंपियन हांग चोंग सोंग थे। अमन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी। 11-7 की जीत के साथ उन्होंने न केवल गोल्ड मेडल हासिल किया, बल्कि अपनी पिछली एशियन गेम्स की उपलब्धि को भी पीछे छोड़ दिया। 2023 एशियन गेम्स में अमन ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जबकि हांग चोंग सोंग ने सिल्वर पदक हासिल किया था। अमन की मौजूदा वर्ल्ड रैंकिंग 32 है। इसके बावजूद उन्होंने फाइनल में ऊंची रैंकिंग और बड़े अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ प्रभावी प्रदर्शन किया।

कम उम्र में माता-पिता को खोया

अमन सहरावत की सफलता की कहानी संघर्षों से भरी रही है। महज 11 साल की उम्र में उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया था। इस मुश्किल दौर के बावजूद उन्होंने खुद को संभाला और कुश्ती को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया। रेसलिंग ने उन्हें न सिर्फ आगे बढ़ने का रास्ता दिया, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों से लड़ने की ताकत भी दी। अमन ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार से प्रेरित हुए और दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में प्रशिक्षण शुरू किया। यहां कोच ललित कुमार ने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के दौरान अमन ने अपनी आक्रामक ग्रैपलिंग शैली को मजबूत किया, जो आगे चलकर उनकी पहचान बनी।

अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप से शुरू हुआ सुनहरा सफर

अमन ने वर्ष 2022 में स्पेन में आयोजित अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर खास उपलब्धि हासिल की। वह इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। इसके बाद उन्होंने सीनियर स्तर पर भी लगातार अपनी पहचान मजबूत की। 2023 में कजाखस्तान में आयोजित एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में अमन ने गोल्ड मेडल जीता। इसी साल एशियन गेम्स में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

पेरिस ओलंपिक में भी जीता था ब्रॉन्ज

अमन सहरावत का शानदार सफर 2024 पेरिस ओलंपिक में भी जारी रहा। उन्होंने प्यूर्टो रिको के डेरियन क्रूज को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। 21 साल और 24 दिन की उम्र में ओलंपिक व्यक्तिगत पदक जीतकर अमन सबसे कम उम्र के भारतीय व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता बने। कुश्ती में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 2024 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अब एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर अमन ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।

Related Articles

Back to top button