
भारतीय टीम को इसी साल अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के लिए मु मुश्किबें बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम इंडिया से बाहर होने के बाद अब सूर्यकुमार यादव को मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में भी जगह नहीं मिली है। उन्होंने चयनकर्ताओं को पत्र लिखकर अपनी उपलब्धता जताई थी, इसके बावजूद सिलेक्टर्स ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) की सिलेक्शन कमेटी ने चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले आगामी रणजी ट्रॉफी मुकाबले के लिए टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें सूर्यकुमार का नाम शामिल नहीं है।
शार्दुल ठाकुर भी हुए बाहर, सिद्धेश लाड संभालेंगे कप्तानी
मुंबई की इस टीम में सूर्यकुमार यादव के अलावा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर भी नजर नहीं आएंगे, जो इस समय उंगली की चोट से उबर रहे हैं। चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले के लिए टीम की कप्तानी सिद्धेश लाड को सौंपी गई है। वहीं, अपनी कप्तानी में भारत को इसी साल की शुरुआत में अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे यशस्वी जायसवाल को भी इस स्क्वॉड में शामिल किया गया है ताकि वह आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए अपनी तैयारी पुख्ता कर सकें।
सरफराज और मुशीर खान को भी मिला मौका
चयनकर्ताओं ने टीम में संतुलन बनाते हुए कई जाने-माने खिलाड़ियों को जगह दी है। स्क्वॉड में स्टार बल्लेबाज सरफराज खान और उनके भाई मुशीर खान दोनों को शामिल किया गया है। इसके अलावा ऑलराउंडर शम्स मुलानी, तुषार देशपांडे और तनुष कोटियान भी मुंबई की इस मजबूत रणजी टीम का हिस्सा हैं।









