शिक्षा विभाग में 440 करोड़ के टेंडर पर संजय सिंह का बड़ा आरोप, ED-CBI जांच की मांग

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने देश के शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने शिक्षा विभाग को घोटालों का अड्डा बताते हुए कहा कि कभी पेपर लीक तो कभी टेंडर में गड़बड़ी के मामले सामने आते रहते हैं। संजय सिंह ने शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच ED और CBI से कराने की मांग की है।

संजय सिंह ने टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एक ही जगह बैठकर 3 से 4 कंपनियों ने टेंडर डाले। इसके बाद ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को भी सरकारी ठेके दे दिए गए। उन्होंने दावा किया कि तीन कंपनियों को 440 करोड़ रुपये से ज्यादा के टेंडर दिए गए हैं।

AAP सांसद ने कागज की कीमतों में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिस कागज की कीमत 60 रुपये प्रति किलो है, उसकी कीमत 188 रुपये प्रति किलो दिखाई गई। संजय सिंह के मुताबिक, एक कंपनी ने इसी कागज के लिए 75 रुपये प्रति किलो का प्रस्ताव दिया था। इसके बावजूद कीमतों में इतना बड़ा अंतर सामने आया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लैकलिस्टेड कंपनी को भी बड़ा सरकारी ठेका दिया गया। संजय सिंह ने पूरे मामले को शिक्षा विभाग में बड़े भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने मांग की कि टेंडर प्रक्रिया, कंपनियों को दिए गए ठेकों और कागज की कीमतों में कथित गड़बड़ी की ED और CBI से जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Related Articles

Back to top button