
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव 2026 की तस्वीर साफ हो गई है। राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर सांसद निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। पर्चों की स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। इस चुनाव में बीजेपी के 8 और समाजवादी पार्टी के 2 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में समाजवादी पार्टी के प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल भी शामिल हैं। दोनों नेताओं के राज्यसभा पहुंचने से सपा खेमे में खुशी का माहौल है। वहीं, बीजेपी के आठ उम्मीदवारों ने भी बिना मतदान के राज्यसभा में अपनी जगह पक्की कर ली।
राज्यसभा चुनाव में बीजेपी की ओर से विद्यासागर सोनकर, प्रियंका रावत, गोपी पांडे, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, रामप्रताप सिंह और श्रुति गंगवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल राज्यसभा पहुंचे।
विधानसभा में सौंपे गए प्रमाण पत्र
निर्वाचन की घोषणा के बाद विधानसभा में निर्वाचित सांसदों को प्रमाण पत्र सौंपे गए। इस प्रक्रिया के साथ ही उत्तर प्रदेश की सभी 10 राज्यसभा सीटों पर निर्वाचन की तस्वीर स्पष्ट हो गई।
इस चुनाव में बीजेपी ने आठ सीटों पर जीत हासिल की, जबकि समाजवादी पार्टी के खाते में दो सीटें आईं। सभी उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में नए सांसदों की भूमिका पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी।









