बलिया: ददरी मेले में डेढ़ करोड़ का सफेद घोड़ा बना आकर्षण का केंद्र, 2 BMW से भी महंगा है ‘देवा’

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित ऐतिहासिक ददरी मेले में इन दिनों एक खास घोड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सफेद रंग का यह घोड़ा अपनी खूबसूरती, कद-काठी और खासियतों के चलते चर्चा में है। घोड़े का नाम ‘देवा’ है और इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसकी कीमत दो BMW कारों से भी ज्यादा है।

गुजरात से खरीदकर लाए थे घोड़ा देवा

ददरी मेले में सेंट जेवियर्स धरहरा के निदेशक अभिनव तिवारी अपने चार घोड़ों के साथ पहुंचे हैं। इनमें देवा सबसे खास है। पंजाबी स्पेशल मारवाड़ी नस्ल का यह घोड़ा गुलाबी नोकड़ा कलर का है। अभिनव तिवारी के मुताबिक, वह देवा को गुजरात से खरीदकर लाए थे। उस समय इसकी उम्र महज तीन महीने थी, जबकि अब यह चार साल का हो चुका है।

सुबह-शाम 12-12 लीटर दूध पीता है देवा

घोड़ा मालिक अभिनव तिवारी बताते हैं कि देवा को घर के बच्चे की तरह रखा जाता है। इसकी डाइट का विशेष ध्यान रखा जाता है। घास और चोकर के अलावा इसे गुजरात से विशेष डाइट मंगाकर दी जाती है। खास बात यह है कि देवा को सुबह और शाम 12-12 लीटर कच्चा दूध पिलाया जाता है। इसके लिए घर में दो गाय भी रखी गई हैं।

धूप में सफेद से गुलाबी दिखाई देने लगता है रंग

देवा की सबसे अनोखी खासियत इसका रंग है। मालिक के मुताबिक, जब इसके सफेद शरीर पर सूर्य की रोशनी पड़ती है तो इसका रंग गुलाबी दिखाई देने लगता है। यही वजह है कि मेले में इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।

पुष्कर मेले में एक करोड़ रुपये तक लगी थी कीमत

अभिनव तिवारी ने बताया कि देवा हाल ही में पुष्कर मेले में भी शामिल हुआ था। वहां एक व्यापारी ने इसकी कीमत एक करोड़ रुपये लगाई थी, लेकिन उनका घोड़ा बेचने का कोई इरादा नहीं था। उनका दावा है कि आने वाले समय में देवा की कीमत पांच करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

चेतक प्रतियोगिता में दिखेंगे बुलेट, राजा और बादल

अभिनव तिवारी के साथ मेले में आए अन्य घोड़े बुलेट, राजा और बादल भी आकर्षण का केंद्र हैं। ये तीनों घोड़े ददरी मेले में आयोजित होने वाली चेतक प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। वहीं, डेढ़ करोड़ रुपये कीमत वाले देवा को देखने के लिए मेले में पहुंच रहे लोग खासा उत्साहित हैं।

Related Articles

Back to top button