UP : त्योहारों से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, BAMS, BUMS और BHMS इंटर्न्स का भत्ता हुआ दोगुना

उत्तर प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे AYUSH छात्रों के लिए एक राहत भरी और सुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स के मानदेय को दोगुना करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के बाद अब BAMS, BUMS और BHMS के छात्रों को रोटेटिंग इंटर्नशिप के दौरान हर महीने 15,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा।

इससे पहले इन छात्र-छात्राओं को प्रति माह 7,500 रुपये का ही स्टाइपेंड मिलता था। लंबे समय से इस भत्ते को बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने स्वीकार करते हुए बड़ी राहत दी है। इस फैसले से प्रदेश भर के लगभग 1,714 इंटर्न छात्रों को सीधा लाभ पहुंचेगा, जिनमें आयुर्वेद के 588, यूनानी के 150 और होम्योपैथी के 976 छात्र शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि डिग्री पूरी करने के बाद हर मेडिकल स्टूडेंट के लिए रोटेटिंग इंटर्नशिप करना अनिवार्य होता है। इस दौरान ये युवा डॉक्टर राजकीय अस्पतालों में दिन-रात मुस्तैद रहकर स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में अहम योगदान देते हैं। चाहे ओपीडी में मरीजों की देखभाल हो, वॉर्ड ड्यूटी हो या फिर आधी रात की इमरजेंसी सेवाएं, इन छात्रों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहती है।

अस्पतालों की व्यवस्था को संभालने वाले इन युवा डॉक्टरों के योगदान को देखते हुए सरकार का यह निर्णय बेहद सराहनीय माना जा रहा है। स्टाइपेंड में हुई इस बढ़ोतरी से न केवल छात्रों का आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि उनके मनोबल में भी भारी इजाफा देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button