UP Politics: सीट शेयरिंग पर SP-Congress की पहली बैठक पूरी, 55 सीटों पर कांग्रेस ने किया दावा

दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत तेज हो गई है। सोमवार को दोनों दलों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच पहले दौर की बैठक हुई। करीब एक घंटे तक चली यह बैठक पूरी हो गई है। भारत समाचार को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने A श्रेणी की 55 सीटों पर अपना पहला दावा पेश किया है। कांग्रेस ने इन 55 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंप दी है।

सूत्रों के मुताबिक, B और C कैटेगरी की सीटों पर अगले एक-दो दिनों में चर्चा होगी। वहीं, बैठक के बाद कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सीटों को लेकर अगले 2 से 4 दिनों में तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को फिर से बैठक होगी और जल्द ही सभी मुद्दों को फाइनल कर लिया जाएगा। आराधना मिश्रा ने यह भी कहा कि उनकी सारी बातें तय हो गई हैं।

वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने भी बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि कल फिर से दूसरी बैठक होगी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है और कांग्रेस के साथ अच्छे माहौल में बातचीत हुई है। रामगोपाल यादव के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में सीट शेयरिंग को लेकर पूरी बात फाइनल हो जाएगी।

फिलहाल, कांग्रेस की ओर से 55 सीटों पर दावा पेश किए जाने के बाद अब सबकी नजरें सपा और कांग्रेस के बीच होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में गठबंधन के सीट बंटवारे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button