“लखनऊ नहीं सहारनपुर में सरेंडर करेगी श्रद्धा दुबे !”,ब्लैकमेल क्वीन के हैरान करने वाले प्लान से हिल गई यूपी पुलिस

लखनऊ पुलिस की कार्रवाई के बाद सुर्खियों में आई शातिर अपराधी और कथित ‘ब्लैकमेल क्वीन’ श्रद्धा दुबे के कानूनी शिकंजे से बचने के लिए नए ठिकाने तलाशने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब इस मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक नया कनेक्शन सामने आ रहा है, जिसके बाद से अटकलें लगाई जा रही हैं कि श्रद्धा लखनऊ के बजाय सहारनपुर में भी सरेंडर कर सकती है।

सूत्रों और मिली जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर में श्रद्धा दुबे के खिलाफ साइबर ठगी का एक पुराना मामला दर्ज है। दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में स्थानीय पुलिस को पूरे दो साल बाद अचानक उस ठगी के केस की सुध आई है, जिसके तहत पुलिस ने उसके फ्लैट पर जाकर नोटिस भी चस्पा कर दिया है। इस मामले में आगामी 30 अक्टूबर को उसका कोर्ट में पेश होना भी तय माना जा रहा है, जिससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह लखनऊ की जगह सहारनपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का रास्ता चुन सकती है।

एक तरफ जहां लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में उसे संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है, वहीं सहारनपुर में अचानक हुई इस पुलिसिया हलचल ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। दो साल तक खामोश बैठी पुलिस का अचानक सक्रिय होना और फ्लैट पर नोटिस लगाना इस बात का संकेत है कि कानूनी शिकंजा अब चारों तरफ से कसता जा रहा है। देखना यह होगा कि शातिर श्रद्धा दुबे कानून की गिरफ्त से बचने के लिए अगला क्या कदम उठाती है।

Related Articles

Back to top button