Air Ambulance Emergency Landing: 12 हजार फीट की ऊंचाई पर खुला विमान का दरवाजा, ढाका में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

अगरतला से कोलकाता जा रही भारतीय एयर एम्बुलेंस में अचानक तकनीकी खराबी आने के बाद बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार 56 वर्षीय महिला मरीज की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग सुरक्षित हैं।

अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एम्बुलेंस को रविवार को बीच रास्ते में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा। विमान जब करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी उसका दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

विमान दोपहर करीब 1:40 बजे ढाका हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। इस घटना के बाद विमान में सवार गंभीर रूप से बीमार महिला मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

विमान में सवार थे सात लोग

इस एयर एम्बुलेंस में दो पायलट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, मरीज और उनके दो तीमारदार समेत कुल सात लोग सवार थे। 56 वर्षीय मरीज अंजना भौमिक को लैंडिंग के तुरंत बाद कुर्मितोला स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में शाम करीब 4:40 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विमान में सवार अन्य छह लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, महिला की मौत तकनीकी खराबी से उत्पन्न स्थिति के कारण हुई या उनकी गंभीर बीमारी इसकी वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।

बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर दी अनुमति

बताया गया है कि अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग की पूर्व अनुमति नहीं होने के बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर विमान को ढाका में उतरने की मंजूरी दी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।

घटना के बाद ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने जरूरी राजनयिक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों से संपर्क किया। यह एयर एम्बुलेंस भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जाती है।

फिलहाल महिला मरीज की मौत के कारणों और विमान में आई तकनीकी खराबी को लेकर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button