दिल्ली से बदरीनाथ धाम जाने का प्लान बना रहे हैं?, कपाट बंद होने की तारीख हो गई घोषित,यात्रा से पहले जान लें

उत्तराखंड के कोटी-तीर्थ और देश-दुनिया के आस्था के केंद्र भगवान बद्री विशाल के कपाट बंद होने की आधिकारिक तिथि घोषित कर दी गई है। विजयादशमी के पावन और पवित्र पर्व पर बद्रीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल जी ने पंचांग गणना के बाद इस बात की विधिवत घोषणा की। इसके साथ ही इस वर्ष की चार धाम यात्रा के शीतकालीन समापन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

श्री बदरी केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस साल भगवान बद्री विशाल के कपाट आगामी 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसी के साथ उत्तराखंड के चारों धामों की इस वर्ष की ग्रीष्मकालीन यात्रा भी पूर्ण हो जाएगी। कपाट बंद होने से पहले कई दिनों तक पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होगी।

मंदिर समिति के अनुसार, कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर को भगवान श्री गणेश जी के कपाट बंद किए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर जी के कपाट बंद होंगे। वहीं 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक का वाचन और वेदों का पाठ विश्राम लेगा, जबकि 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को गर्भगृह में विराजमान होने के लिए विशेष न्योता दिया जाएगा। अंत में, 16 नवंबर की रात को निर्धारित समयानुसार भगवान के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद भगवान के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास स्थल पर किए जा सकेंगे।

Related Articles

Back to top button