
उत्तर प्रदेश: अमेरिकी यूट्यूबर मार्विन अची और सोशल मीडिया क्रिएटर शिवानी कुमारी के बीच विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। मार्विन ने शिवानी पर उन्हें कंटेंट के लिए इस्तेमाल करने और गुमराह करने का आरोप लगाया है। वहीं, शिवानी ने भावुक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी और कहा कि मार्विन ने उनसे बिना बातचीत किए वीडियो पोस्ट कर दिया। अब सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस विवाद को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह वास्तविक नाराजगी है या फिर वीडियो और फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाने की रणनीति?
शिवानी के घर 15 दिन से ज्यादा रुके थे मार्विन अची
बताया जा रहा है कि अमेरिकी यूट्यूबर मार्विन अची कई बार उत्तर प्रदेश के अरियारी गांव पहुंचे थे। इस दौरान शिवानी कुमारी ने उन्हें अपने घर में ठहराया और गांव की संस्कृति व परंपराओं से परिचित कराया। शिवानी ने उन्हें भाई जैसा सम्मान दिया और उनके साथ समय बिताया।
टेसू-झांझी की परंपरा के दौरान शिवानी ने मार्विन के चेहरे पर मूंछ और तिलक लगाकर उन्हें टेसू का किरदार बनाया था। मार्विन का कहना है कि उन्हें भाषा समझ नहीं आ रही थी, लेकिन उन्होंने शिवानी पर भरोसा किया। बाद में सोशल मीडिया पर आए कमेंट्स देखने के बाद उन्हें लगा कि उन्हें मजाक का पात्र बनाया गया और कंटेंट के लिए इस्तेमाल किया गया।
28 अक्टूबर को मार्विन ने वीडियो जारी कर लगाए आरोप
मार्विन अची ने 28 अक्टूबर को वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विदेशी होने के नाते उन्होंने भरोसा किया था, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उनके साथ सही व्यवहार नहीं हुआ। उन्होंने शिवानी पर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया।
मार्विन के वीडियो के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया और दोनों क्रिएटर्स के पुराने वीडियो भी लोगों के बीच शेयर किए जाने लगे।
रोते हुए शिवानी ने दिया जवाब, कहा- एक बार पूछ तो लिया होता
मार्विन के आरोपों के बाद शिवानी कुमारी ने भी भावुक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मार्विन ने उनसे बिना बात किए और बिना कुछ पूछे ही उनके खिलाफ वीडियो पोस्ट कर दिया।
शिवानी ने कहा, “मैं तुम्हें अपना भाई मानती हूं। एक बार पूछ लिया होता। अगर आपको या आपकी ऑडियंस को बुरा लगा तो मैं माफी मांग लेती।”
उन्होंने बताया कि मार्विन 15 दिन से ज्यादा उनके घर पर रहे और इस दौरान उन्होंने एक रुपया भी खर्च नहीं किया। शिवानी के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ उनके चेहरे पर मूंछ और तिलक लगाया था और उस समय मार्विन भी इस गतिविधि का आनंद ले रहे थे। उन्होंने इसे अपने गांव की पुरानी टेसू-झांझी परंपरा का हिस्सा बताया।
क्या विवाद से बढ़ रहे हैं व्यूज और फॉलोअर्स?
इस पूरे मामले के बीच सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या दोनों के बीच विवाद से उनके वीडियो की पहुंच और फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं? मार्विन के आरोपों वाला वीडियो सामने आने के बाद उनकी रील और वीडियो चर्चा में आए, वहीं शिवानी का भावुक जवाब भी तेजी से वायरल हुआ।
कुछ लोगों का मानना है कि इस तरह के विवाद से दोनों क्रिएटर्स को नए दर्शक और सोशल मीडिया एंगेजमेंट मिल सकती है। हालांकि, यह दावा कि विवाद जानबूझकर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए किया गया है, फिलहाल साबित नहीं हुआ है।
असली विवाद या सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चा?
एक तरफ मार्विन अची का कहना है कि उन्हें भरोसे में लेकर कंटेंट के लिए इस्तेमाल किया गया, तो दूसरी तरफ शिवानी कुमारी का दावा है कि उन्होंने उन्हें परिवार के सदस्य की तरह सम्मान दिया और टेसू-झांझी की परंपरा के तहत ही ऐसा किया।
फिलहाल दोनों की ओर से सामने आए वीडियो और दावों के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। विवाद के पीछे की वास्तविक वजह और क्या यह सब किसी रणनीति का हिस्सा है, इस पर अभी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।









