

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाती है तो उत्तर प्रदेश में भी UCC लागू किया जाएगा। शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा और बीजेपी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
तीसरी बार सरकार बनने पर UCC लागू करने का वादा
अमित शाह ने कहा कि देश के कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो चुकी है। अब उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू करने की योजना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर UCC लागू किया जाएगा।
योगी सरकार की तारीफ, माफियाओं को लेकर कही बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए शाह ने कहा, “योगी जी ने कठोर शासन देकर उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त किया है। इसके लिए मैं उन्हें बधाई देना चाहता हूं।” उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार के काम की सराहना की।
2027 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
बीजेपी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए अमित शाह ने कहा, “यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, उसे कोई नहीं हिला सकता। कमर कस लीजिए, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखिए। हमें सरकार बनानी है।”
उन्होंने पार्टी के पुराने संघर्ष को याद करते हुए बताया कि एक समय प्रदेश में बीजेपी के केवल 44 विधायक थे। संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने तहसील स्तर तक काम किया। शाह ने 2014 में गठबंधन की 73 लोकसभा सीटों और 2017 में बीजेपी की 312 विधानसभा सीटों की जीत का भी जिक्र किया। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने नोटबंदी का भी उल्लेख किया।









