
मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक बार फिर सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की कथित ठगी और वसूली के मामले को लेकर चर्चा में हैं। दिल्ली की रॉउज एवेन्यू कोर्ट ने अभिनेत्री को इस मामले में गवाह के रूप में तलब किया है। अदालत की ओर से जारी समन के मुताबिक, नोरा फतेही को 2 नवंबर को पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना होगा।
बता दे कि अदालत ने तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में शामिल गवाह नंबर तीन के रूप में नोरा को पेश होने के लिए कहा है। फिलहाल उन्हें अभियोजन पक्ष की गवाह के तौर पर बुलाया गया है। इसका मतलब है कि अदालत ने उन्हें इस मामले में आरोपी नहीं बनाया है।
तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में शामिल है नोरा का नाम
इस मामले की जांच के दौरान कई लोगों के बयान दर्ज किए गए थे। इनमें नोरा फतेही और बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के नाम भी शामिल हैं। पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट में जांच से जुड़े कई पहलुओं का उल्लेख किया गया है। अब अदालत में अभियोजन पक्ष अपने सबूत और गवाह पेश कर रहा है। ऐसे में नोरा फतेही की गवाही मामले की सुनवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
क्या है सुकेश चंद्रशेखर का 200 करोड़ रुपये की ठगी का मामला?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कथित ठगी का यह मामला फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से जुड़ा है। आरोप है कि जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर अदिति सिंह से संपर्क किया था।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि सुकेश ने फर्जी फोन कॉल के जरिए सरकारी अधिकारी होने का भरोसा दिलाया और उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने का आश्वासन दिया। इसी बहाने कथित तौर पर उनसे बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई। उस समय सुकेश दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद था।
सुकेश, लीना पॉलोस समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप
इस मामले में सुकेश चंद्रशेखर, उसकी पत्नी लीना पॉलोस और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 170, 384 और 386 के तहत आरोप तय किए गए हैं। ये धाराएं सरकारी अधिकारी का रूप धारण करने और जबरन वसूली जैसे अपराधों से संबंधित हैं।
इसके अलावा आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (MCOCA), 1999 के तहत भी आरोप तय किए गए हैं। यह कानून संगठित अपराध से जुड़े गिरोहों और उनकी गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए बनाया गया है। फिलहाल अदालत में मामले की सुनवाई जारी है। अब 2 नवंबर को नोरा फतेही की पेशी और उनका बयान इस चर्चित मामले की सुनवाई का अगला अहम पड़ाव होगा।









