आगरा पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल ने की खुदकुशी: सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला शव, 2018 बैच की थीं सिपाही आरती

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित आवासीय पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबल आरती ने अपने सरकारी आवास में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। 2018 बैच की सिपाही आरती अपने सरकारी आवास में अकेली रहती थीं और बीते एक महीने से अवकाश पर चल रही थीं। आगामी 4 नवंबर को उन्हें अपनी ड्यूटी पर वापस लौटना था, लेकिन उससे पहले ही इस दुखद कदम ने उनके साथियों और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारियों के साथ पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरती ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया और किस मानसिक तनाव से गुजर रही थीं, इसके कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रहा है ताकि इस दुखद घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

Related Articles

Back to top button