
ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर बैंक ऑफर और डिस्काउंट तलाशने की परेशानी अब AI कम कर सकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI ने ChatGPT Wallet नाम से एक नई पेमेंट सर्विस शुरू की है। इसके जरिए AI एजेंट यूजर की पसंद और बजट के अनुसार अलग-अलग वेबसाइट पर प्रोडक्ट की कीमत और फीचर्स की तुलना कर सकेंगे। इसके बाद यूजर की अनुमति मिलने पर खरीदारी की प्रक्रिया भी पूरी कर पाएंगे।
इस फीचर के जरिए ChatGPT केवल सवालों के जवाब देने और आर्टिकल लिखने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ऑनलाइन शॉपिंग में भी मदद करेगा। आइए जानते हैं ChatGPT Wallet कैसे काम करेगा, पेमेंट की सुरक्षा कैसे होगी और फिलहाल किन यूजर्स को इसका लाभ मिलेगा।
ChatGPT Wallet फीचर की शुरुआत
OpenAI ने ChatGPT Wallet नाम से पेमेंट सर्विस शुरू की है। इसकी मदद से AI एजेंट यूजर की ओर से ऑनलाइन खरीदारी कर सकेंगे। इस प्रक्रिया में AI एजेंट को क्रेडिट कार्ड का वास्तविक नंबर या CVV देने की जरूरत नहीं होगी।
इस सर्विस के लिए OpenAI ने American Express, Mastercard और Visa के साथ साझेदारी की है। हालांकि, फिलहाल इसे दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है।
शुरुआती चरण में यह सुविधा अमेरिका में रहने वाले 18 साल से अधिक उम्र के योग्य ChatGPT Pro यूजर्स को मिलेगी। इसके लिए अमेरिका में जारी किया गया पात्र पेमेंट कार्ड होना जरूरी है।
OpenAI ने स्पष्ट किया है कि AI एजेंट अपनी मर्जी से पेमेंट नहीं कर सकेंगे। किसी भी खरीदारी से पहले यूजर की अनुमति और जरूरी सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी।
कैसे काम करेगा ChatGPT Wallet?
ChatGPT Wallet का इस्तेमाल OpenAI के Dots AI एजेंट के जरिए किया जा सकेगा। ये एजेंट यूजर के निर्देश पर कई काम पूरे कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, अगर कोई यूजर अपने बजट में कोई सामान खरीदना चाहता है, तो AI एजेंट अलग-अलग ऑनलाइन वेबसाइट पर जाकर उस प्रोडक्ट की कीमत और फीचर्स की तुलना कर सकता है। इसके बाद वह यूजर के लिए ऑर्डर तैयार करेगा।
पेमेंट से पहले ChatGPT यूजर को प्रोडक्ट की जानकारी, वेबसाइट, कुल कीमत और भुगतान का तरीका बताएगा। यूजर की मंजूरी मिलने के बाद ही ट्रांजैक्शन पूरा होगा। इसके अलावा फेस रिकग्निशन या फिंगरप्रिंट जैसी बायोमेट्रिक जांच भी की जाएगी।
कार्ड की असली जानकारी AI तक नहीं पहुंचेगी
ChatGPT Wallet में पेमेंट की सुरक्षा के लिए टोकनाइजेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक में क्रेडिट कार्ड के वास्तविक नंबर की जगह एक डिजिटल टोकन का उपयोग होता है।
इससे AI एजेंट को कार्ड नंबर और CVV जैसी संवेदनशील जानकारी नहीं मिलती। OpenAI के मुताबिक, पेमेंट से जुड़ी वास्तविक जानकारी सुरक्षित तरीके से सर्विस प्रोवाइडर के पास रहती है। कंपनी को केवल टोकन और कार्ड से संबंधित सीमित जानकारी मिलती है।
हालांकि, यूजर्स को अपनी सुरक्षा के लिए ChatGPT की सामान्य चैट में कार्ड नंबर, CVV या बैंकिंग OTP जैसी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
गलत ऑर्डर या खरीदारी होने पर किसकी होगी जिम्मेदारी?
OpenAI ने स्पष्ट किया है कि प्रोडक्ट की बिक्री, डिलीवरी और रिटर्न की जिम्मेदारी संबंधित मर्चेंट की होगी। AI एजेंट से सामान की संख्या, कीमत या डिलीवरी एड्रेस जैसी जानकारी दर्ज करने में गलती हो सकती है।
ऐसे में पेमेंट की मंजूरी देने से पहले यूजर को ऑर्डर की पूरी जानकारी अच्छी तरह जांच लेनी चाहिए। इसमें प्रोडक्ट, उसकी कीमत, संख्या और डिलीवरी एड्रेस की पुष्टि करना जरूरी होगा।
भारत में कब शुरू होगी ChatGPT Wallet की सुविधा?
फिलहाल ChatGPT Wallet की सुविधा भारत में शुरू नहीं हुई है। OpenAI ने अभी भारत में इसके लॉन्च की तारीख को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। इसके अलावा UPI के साथ इस सर्विस को जोड़ने पर भी कंपनी की ओर से कोई घोषणा नहीं की गई है।
ऐसे में भारतीय यूजर्स को ChatGPT Wallet के इस्तेमाल के लिए फिलहाल इंतजार करना होगा।









