
भारतीय क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बना रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। महज 15 साल की उम्र में जिस अंदाज से वह गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट लगा रहे हैं, उसने क्रिकेट के दिग्गजों को भी प्रभावित किया है। हर कोई उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद कर रहा है। इसी बीच भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने वैभव की प्रतिभा की तारीफ करते हुए एक ऐसा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है।
कपिल देव ने वैभव की तुलना महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली से करते हुए कहा कि अभी यह देखना बाकी है कि युवा बल्लेबाज किस दिशा में आगे बढ़ता है। दरअसल, सचिन और कांबली दोनों ही बचपन से बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर माने जाते थे। दोनों ने अपने करियर की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन समय के साथ दोनों के रास्ते अलग हो गए। सचिन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े मुकाम हासिल किए, जबकि कांबली अपने करियर में उस ऊंचाई तक नहीं पहुंच सके, जिसकी उनसे उम्मीद की जा रही थी।
वैभव को अभी समय देने की जरूरत: कपिल देव
कपिल देव का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी अभी काफी छोटे हैं और उनके सामने लंबा करियर पड़ा है। ऐसे में उन पर जल्दबाजी में बड़ी उम्मीदों का दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। मिड-डे को दिए इंटरव्यू में कपिल ने कहा कि वैभव के पास अभी काफी समय है। वह भारतीय टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वैभव का आक्रामक अंदाज हर उम्र के क्रिकेट प्रेमियों को पसंद आ रहा है। जिस तरह वह चौके और छक्के लगाते हैं, उसे देखना हर कोई पसंद करता है। कपिल के मुताबिक, वैभव में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए समय और सही मौके मिलने चाहिए।
क्रिकेट से भटकना नहीं चाहिए ध्यान
पूर्व कप्तान ने वैभव को खास सलाह देते हुए कहा कि इस उम्र में उनका पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर होना चाहिए। कपिल का मानना है कि 15 साल की उम्र में किसी खिलाड़ी के लिए सबसे जरूरी चीज अपने खेल को बेहतर बनाना है।
उन्होंने कहा कि जब वैभव 18-19 साल के होंगे, तब उनके सामने कई तरह के नए अनुभव और चुनौतियां आएंगी। पार्टियों और दूसरी गतिविधियों के बीच अपने खेल पर फोकस बनाए रखना भी उनके लिए अहम होगा।
कपिल देव ने इसी संदर्भ में सवाल उठाया कि वैभव सूर्यवंशी आगे चलकर सचिन तेंदुलकर बनेंगे या विनोद कांबली, यह कहना अभी मुश्किल है। उनका संदेश साफ है कि वैभव के पास प्रतिभा है, लेकिन उस प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए अनुशासन, मेहनत और क्रिकेट के प्रति समर्पण जरूरी होगा।









