Diljit Dosanjh के कॉन्सर्ट से पहले विवाद, 4 गाने नहीं गाने की चेतावनी, 2000 पुलिसकर्मी तैनात

डेस्क: मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले नया विवाद खड़ा हो गया है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट से पहले चंडीगढ़ के एक एसोसिएट प्रोफेसर ने दिलजीत दोसांझ से चार गाने नहीं गाने की मांग की है। इतना ही नहीं, प्रोफेसर ने चेतावनी दी है कि अगर सिंगर ने इन गानों को कॉन्सर्ट में गाया तो वह गुजरात हाईकोर्ट में अदालत की अवमानना यानी कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट की याचिका दाखिल करेंगे।

दरअसल, चंडीगढ़ के PGGC-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनवर ने दिलजीत दोसांझ के चार गानों पर आपत्ति जताई है। इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘पंज तारा’, ‘जे बिछो फीम लब्बिया’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा’ शामिल हैं। प्रोफेसर का आरोप है कि इन गानों के बोल शराब, नशे और गन कल्चर को बढ़ावा देते हैं, जिसका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

डॉ. पंडित राव का कहना है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने साल 2019 में उनके मामले की सुनवाई के दौरान मंच पर शराब, नशे और मादक पदार्थों को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाने का निर्देश दिया था। उनका दावा है कि इसके बावजूद दिलजीत दोसांझ ने इंदौर और दिल्ली के कॉन्सर्ट में इन गानों को प्रस्तुत किया।

उन्होंने केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान का हवाला देते हुए कहा कि एक तरफ सरकार, जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद नशे के खिलाफ जागरूकता फैला रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ऐसे गाने बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर अहमदाबाद के कॉन्सर्ट में ये चार गाने गाए गए तो वह गुजरात हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

कॉन्सर्ट में 2000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर अहमदाबाद पुलिस ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के मुताबिक, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम के दौरान करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

पुलिस के मुताबिक, कॉन्सर्ट में लगभग 85 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। सपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को मिलाकर स्टेडियम में मौजूद लोगों की संख्या 90 हजार से अधिक हो सकती है। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में स्टेट रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियां, BDDS टीम, क्विक रिस्पॉन्स टीम, क्राइम ब्रांच और एसओजी के जवान शामिल होंगे। इसके अलावा करीब 1500 निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहेंगे।

600 CCTV कैमरों से होगी निगरानी

पुलिस ने पूरे स्टेडियम परिसर में निगरानी के लिए करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की है। प्रवेश द्वारों पर DFMD और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। दर्शकों के प्रवेश और बाहर निकलने की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, कॉन्सर्ट के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम में पानी की बोतल और बैग ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के बाहर लॉकर की व्यवस्था की जाएगी। महिला दर्शकों को छोटे पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी।

फिलहाल, दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले चार गानों को लेकर उठे विवाद और सुरक्षा के लिए की गई व्यापक तैयारियों की चर्चा हो रही है। अब देखना होगा कि कॉन्सर्ट में इन चार गानों को लेकर क्या स्थिति रहती है।

Related Articles

Back to top button