Delhi High Court: लंदन जाने से रोके जाने पर CJP के सौरव दास ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने लंदन जाने से रोके जाने के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी। मामले की सुनवाई गुरुवार को होगी।

नई दिल्ली: Cockroach Janta Party (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास ने लंदन जाने से रोके जाने के अधिकारियों के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। सौरव दास को लंदन की कई प्रमुख यूनिवर्सिटी में व्याख्यान देना था, लेकिन आरोप है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विमान में सवार होने से रोक दिया।

एयरपोर्ट पर रोके जाने का लगाया आरोप

जानकारी के मुताबिक, सौरव दास को मंगलवार रात 1 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए लंदन रवाना होना था। हालांकि, उनका आरोप है कि सोमवार रात करीब 11 बजे इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें विमान में सवार होने से रोक दिया।

सौरव दास के मुताबिक, यात्रा से कुछ घंटे पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया था। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने की अनुमति नहीं दी।

ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में देना था व्याख्यान

सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि अधिकारियों की कार्रवाई का मकसद उन्हें विदेशी विश्वविद्यालयों में छात्रों को संबोधित करने से रोकना था।

उनका दावा है कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर व्याख्यान देना था। इन विश्वविद्यालयों में भारतीय छात्रों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।

दिल्ली हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग

लंदन जाने से रोके जाने के फैसले के खिलाफ सौरव दास ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। उनके वकील ने मामले में तत्काल सुनवाई के लिए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ के सामने याचिका का उल्लेख किया। हालांकि, अदालत ने कहा कि मामले की सुनवाई गुरुवार को की जाएगी।

अधिकारियों के जवाब का इंतजार

सौरव दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें विदेश जाने से रोकने का फैसला विश्वविद्यालयों में उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों से जुड़ा है। हालांकि, फिलहाल इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button