
Sports News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के प्लेयर ऑक्शन के लिए कुल 1,220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें 939 भारतीय और 17 देशों के 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। IPL की ओर से जारी मीडिया रिलीज के मुताबिक, 16 दिसंबर को गोवा में खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इस ऑक्शन में 10 फ्रेंचाइजी के पास कुल 66 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए जगह खाली है, जिनमें 25 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं।
17 देशों के 281 विदेशी खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
IPL 2027 के ऑक्शन रजिस्टर में कुल 1,220 खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। इनमें 184 कैप्ड खिलाड़ी, 994 अनकैप्ड खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी शामिल हैं।
अनकैप्ड खिलाड़ियों में 925 भारतीय खिलाड़ी हैं। इनमें 127 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहले भी IPL के सीजन में खेल चुके हैं।
विदेशी खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के मामले में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे है। ऑस्ट्रेलिया के 53 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के 40, वेस्टइंडीज के 36, न्यूजीलैंड के 25 और अफगानिस्तान के 23 खिलाड़ी शामिल हैं।
इसके अलावा श्रीलंका के 21, इंग्लैंड के 16 और बांग्लादेश के 12 खिलाड़ियों ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है।
एसोसिएट देशों से अमेरिका के सबसे ज्यादा खिलाड़ी
एसोसिएट देशों की बात करें तो अमेरिका के सबसे ज्यादा 13 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। UAE और नेपाल के 10-10 खिलाड़ी इस सूची में शामिल हैं।
वहीं, आयरलैंड के 7, जिम्बाब्वे के 6, नीदरलैंड के 3 और कनाडा, जापान तथा स्कॉटलैंड के 2-2 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
छह कैटेगरी में बांटे गए खिलाड़ी
ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले 1,220 खिलाड़ियों को छह श्रेणियों में बांटा गया है।
- 14 कैप्ड भारतीय खिलाड़ी
- 170 कैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
- 42 एसोसिएट देशों के खिलाड़ी
- 127 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी, जो पहले IPL खेल चुके हैं
- 798 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी
- 69 अनकैप्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
LSG के पास सबसे ज्यादा 47.45 करोड़ रुपये का पर्स
IPL 2027 ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के पास सबसे ज्यादा 47.45 करोड़ रुपये का उपलब्ध बजट है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 41.65 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है।
इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास 40.15 करोड़ रुपये और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास 39.50 करोड़ रुपये का पर्स बचा है।
गुजरात टाइटंस (GT) के पास सबसे कम 8.75 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास 14.15 करोड़ रुपये बचे हैं।
सभी 10 फ्रेंचाइजी के पास कुल मिलाकर 295.60 करोड़ रुपये का शेष बजट उपलब्ध है।
किस टीम के पास कितने खिलाड़ियों की जगह खाली?
ऑक्शन में खाली स्लॉट की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के पास सबसे ज्यादा 9-9 खिलाड़ियों की जगह खाली है। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 8 स्लॉट हैं।
वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 7-7 स्लॉट खाली हैं। चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के पास 6-6 स्लॉट हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 5 और गुजरात टाइटंस के पास सबसे कम 3 स्लॉट खाली हैं।
4 दिसंबर को जारी होगी फाइनल ऑक्शन लिस्ट
अब सभी फ्रेंचाइजी ऑक्शन रजिस्टर में शामिल खिलाड़ियों के नामों में से उन खिलाड़ियों की सूची IPL को सौंपेंगी, जिन्हें वे अंतिम नीलामी सूची में शामिल करना चाहती हैं।
IPL की ओर से फाइनल ऑक्शन लिस्ट और खिलाड़ियों के सेट 4 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। इसके बाद 16 दिसंबर को गोवा में IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी।









