
देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। कैबिनेट की बैठक में मानदेय वृद्धि से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। सरकार के इस फैसले से प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने का फैसला लिया गया है। इस प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद संबंधित विभागों को आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार की ओर से मानदेय वृद्धि को लेकर जल्द शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मानदेय में की गई बढ़ोतरी नवंबर महीने से लागू होगी। इससे आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिल सकेगा।
धामी सरकार के इस फैसले को महिला कार्यकर्ताओं के आर्थिक हितों से जोड़कर देखा जा रहा है। लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रही कार्यकर्ताओं के लिए यह फैसला अहम माना जा रहा है।









