
प्रयागराज- यूपी पुलिस सोमवार शाम माफिया अतीक अहमद को कड़ी सुरक्षा में गुजरात से प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल ले आई. अतीक गुजरात की साबरमती जेल में बंद था. पुलिस माफिया को मंगलवार को प्रयागराज की एक अदालत में पेश करेगी. अतीक अहमद बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है, राजू पाल की हत्या 2005 में हुई थी. वह हाल ही में हुए उमेश पाल हत्याकांड सहित 100 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद है.
फूलपुर से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद अतीक को 2019 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद साबरमती जेल स्थानांतरित किया गया था, उस पर उत्तर प्रदेश में जेल में रहने के दौरान एक रियल एस्टेट व्यवसायी मोहित जायसवाल का अपहरण और हमला करने की साजिश रचने का आरोप लगा था.
उमेश पाल अपहरण मामले में आरोपी अतीक अहमद को 28 मार्च को प्रयागराज कोर्ट में पेश किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद से पूछताछ करने की अनुमति के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक आवेदन भी दायर किया है. पुलिस ने माफिया अतीक के खिलाफ नए सबूत मिलने का दावा किया है.









