
प्रयागराज- कॉल्विन अस्पताल में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ के मर्डर को लेकर भारत समाचार पर बड़ा खुलासा हुआ है. अभी तक हत्याकांड में शामिल 3 शूटरों के नाम सामने आ रहे थे. लेकिन अब 2 शूटर बैकअप टीम के रूप में मौजूद होने की खबर आ रही है. पहली स्ट्राइक टीम में 3 शूटर शामिल थे. जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है.
गौरतलब है कि पकड़े गए 3 शूटरों का नाम लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सनी सिंह है. इन तीनों शूटरों के पास से कोई मोबाइल बरामद नहीं हुआ है. पुलिस इस को लेकर पड़ताल कर रही है कि बिना मोबाइल के इन तीनों शूटरों को अतीक-अशरफ की लोकेशन कौन दे रहा था.
सूत्रों के मुताबिक, माफिया ब्रदर्स की हत्या को लेकर पहली स्ट्राइक टीम में 3 शूटर शामिल थे. वहीं, दूसरी स्ट्राइक में 2 शूटर्स की टीम बैकअप के रूप में मौजूद थी. पहली टीम ने काम को अंजाम दे दिया तो शूटर्स की दूसरी टीम फरार हो गई. अगर पहली टीम चूकती तो दूसरी टीम अतीक-अशरफ पर अटैक करती. कॉल्विन अस्पताल के आसपास करीब 45 कैमरे हैं. पुलिस ने इन सीसीटीवी की जांच की है या नहीं अभी तक यह साफ नहीं है.









