
एक इंटरव्यू में लोकप्रिय अभिनेता परेश रावल ने अपनी पत्नी और पूर्व अभिनेत्री स्वरूप संपत के साथ उनकी प्रेम कहानी के बारे बताया। उन्होंने बताया कि इस बारे में उन्होंने अपने एक मित्र के साथ शादी के 12 साल पहले चर्चा की थी। तब उन्होंने कहा था कि वो स्वरुप संपत के साथ ही शादी करेंगे और 12 साल बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे उन्होंने अपनी पत्नी को प्रपोज किया था।
दरअसल, परेश रावल जिस कंपनी में काम करते थे, वहां वो अपनी बॉस की बेटी पर ही फिदा हो गए थे। जब उन्होंने पहली बार स्वरुप संपत को देखा था तब वो अपने सबसे करीबी दोस्त महेंद्र जोशी से कहा था कि ‘ये लड़की ही मेरी पत्नी बनेगी।’ इसके बाद महेंद्र जोशी ने उनको चेताया कि जिस लड़की से वो शादी करना चाहते हैं वो उनके बॉस की बेटी हैं। फिर परेश रावल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा,’वो किसी की भी बेटी हो, बहन हो, मा हो, शादी तो मैं इससे ही करुंगा।’
इस बात के 2-3 महीने गुजरने के बाद परेश रावल ने स्वरुप संपत को प्रपोज भी कर दिया। उन्होंने प्रपोज करते हुए पूर्व अभिनेत्री से कहा कि वह उनसे शादी करना चाहते हैं, लेकिन अब स्वरुप उनसे यह मत कहें कि चलो पहले एक दूसरे को जानते हैं और थोड़ा समय व्यतीत करते हैं क्योंकि मरते दम तक कोई किसको नहीं जान सकता।
परेश रावल जल्द ही अभिषेक जैन की मूवी ‘हम दो हमारे दो’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में राजकुमार राव, कृति सनोन और रत्ना पाठक शाह भी अभिनय करते नजर आएंगे। इसके अलावा परेश रावल रोहित धवन की मूवी शहजाद में भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन, कृति सनोन, मनीषा कोइराला, रोनित रॉय और सचिन खेडेकर अभिनय करते नजर आएंगे।
आपको बता दें कि साल 1979 स्वरुप संपत ने मिस इंडिया का खिताब जीता था। इसके बाद परेश रावल और स्वरूप संपत ने 1987 में शादी कर ली थी। परेश रावल और स्वरुप समेत के दो बेटे हैं – आदित्य और अनिरुद्ध।