छत्तीसगढ़ : सीआरपीएफ जवान ने साथियों पर एके-47 से बरसाईं गोलियां, चार की मौत…

छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ 50 बटालियन कैंप से एक बड़ा हादसा सामने आया है। दरसल, कैंप के एक जवान ने अपने ही साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई तो तीन घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, घायल जवानों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। 

आपको बता दें, जवानों के बीच बहस होने के कारण जवान ने अपने ही साथियों पर गोलियां बरसा दी। जिस जवान पर साथियों पर गोली चलाने का आरोप है, वह देर रात नक्सली इलाके में ड्यूटी पर था। खबरों के अनुसार, इसी दौरान जवानों के बीच कुछ विवाद छिड़ गया, जो हिंसा में बदल गया। इसके बाद सीआरपीएफ जवान आपे से बाहर हो गया और उसने गोलीबारी शुरू कर दी। इसी घटना में चार सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई।

पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि लिंगनपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार जवानों धनजी, राजीब मंडल, राजमणि कुमार यादव और धर्मेंद्र कुमार की मृत्यु हो गई है जबकि तीन अन्य जवान धनंजय कुमार सिंह, धरमात्मा कुमार और मलय रंजन महाराणा घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है। उससे पूछताछ के बाद घटना के कारणों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button