
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद संगठन के नेशनल ऑर्गनाइजेशन इन-चार्ज अजिंक्य शिंदे आंदोलन की कमान संभालेंगे। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है।
प्री-रिकॉर्डेड वीडियो में अभिजीत दीपके का ऐलान
प्रमुख नेताओं की हिरासत के बाद अभिजीत दीपके का एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो मैसेज सामने आया। इसमें उन्होंने अपनी अनुपस्थिति में अजिंक्य शिंदे को पूरे आंदोलन और प्रदर्शन की जिम्मेदारी सौंपने का ऐलान किया।
इन मांगों को लेकर CJP का ‘चलो दिल्ली’ प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, 2025 की वोटर लिस्ट को फ्रीज करने और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को रद्द करने की मांग को लेकर ‘चलो दिल्ली’ प्रदर्शन का आह्वान किया था।
पुलिस ने अनुमति नहीं दी, प्रमुख नेता हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। इसके बाद संगठन के प्रमुख नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद अजिंक्य शिंदे को आंदोलन की कमान सौंपने का ऐलान किया गया।
कौन हैं अजिंक्य शिंदे?
अजिंक्य शिंदे कॉकरोच जनता पार्टी में नेशनल ऑर्गनाइजेशन इन-चार्ज हैं। वह आम आदमी पार्टी (AAP) की महाराष्ट्र विंग के पूर्व यूथ लीडर भी रह चुके हैं। संगठन की शुरुआत से ही उन्हें इसका अहम हिस्सा बताया गया है।









