संविधान दिवस पर विपक्ष पर बरसे CM योगी,बोले- ‘कुछ लोग लाल किताब लेकर भ्रम फैलाते हैं’

लखनऊ : संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोग लाल किताब लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। अगर उन्होंने संविधान पढ़ा होता तो इस तरह भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश करने का आरोप भी लगाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग लोकतंत्र को कटघरे में खड़ा करने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने संविधान का गला घोंटा है और अब लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश की जा रही है। सीएम ने विपक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय उसके मूल्यों को समझने की जरूरत है।

कांग्रेस पर बाबा साहेब के अपमान का आरोप

सीएम योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महापुरुषों का अपमान किया है। मुख्यमंत्री ने संविधान और बाबा साहेब के सम्मान को लेकर विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए।

सपा पर मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का आरोप

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज में मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया था। सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर संविधान और महापुरुषों के सम्मान को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।

Related Articles

Back to top button