
गाजियाबाद: जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। GDA प्रवर्तन दल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद अतुल गर्ग के भाई संजीव गर्ग के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
टीम ने अवैध रूप से किए गए निर्माण को हटाया
यह कार्रवाई लोहिया नगर के बी-ब्लॉक में की गई। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य नक्शे के विपरीत किया गया था। GDA की ओर से पहले इस निर्माण को लेकर सीलिंग की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद GDA प्रवर्तन विभाग ने नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से किए गए निर्माण को हटाया।
लोहिया नगर में यह कार्रवाई की गई
GDA अधिकारियों के अनुसार, प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृत नक्शे या नियमों के खिलाफ किए जा रहे निर्माणों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत लोहिया नगर में यह कार्रवाई की गई। अवैध निर्माण को लेकर GDA पहले भी कई इलाकों में अभियान चला चुका है। प्राधिकरण का कहना है कि किसी भी व्यक्ति या संस्था को नियमों की अनदेखी कर निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
फिलहाल इस मामले में GDA की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। प्राधिकरण की ओर से आगे भी अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।









