गाजियाबाद : केमिकल फैक्ट्री में लगी भयंकर आग, तेज लपटें देख मची अफरा-तफरी , दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

Ghaziabad : नंदग्राम इलाके के आदर्श नगर में गुरुवार दोपहर एक केमिकल गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि दूर-दूर तक काला धुआं और ऊंची लपटें देखी जा सकती थीं। वही सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, गुरूवार दोपहर करीब 2:05 बजे फायर स्टेशन थाना को सूचना मिली कि खसरा नंबर-159, आदर्श नगर, नंदग्राम में स्थित RNG ट्रेडिंग कंपनी के केमिकल गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलने पर दमकल अधिकारी थाना प्रभारी तुरंत चार दमकल गाड़ियों के साथ मौके के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि गोदाम से घना काला धुआं निकल रहा है और आग तेजी से फैल रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए, चीफ फायर ऑफिसर के निर्देश पर फायर स्टेशन वैशाली से दो वॉटर ब्राउज़र और एक एक्स्ट्रा फायर टेंडर और फायर स्टेशन साहिबाबाद से भी फायर इंजन बुलाए गए। आग बुझाने के ऑपरेशन में कुल सात फायर टेंडर लगाए गए थे।

केमिकल होने की वजह से आग तेज़ी से फैल रही थी और धुआं होने की वजह से फायरमैन को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद, फायर सर्विस के कर्मचारियों ने स्पेशल सेफ्टी इक्विपमेंट BA (ब्रीदिंग अपैरेटस) सेट पहनकर अंदर पहुंचने की हिम्मत दिखाई। लगातार फोम और पानी पंप करके आग को घेरने और कंट्रोल करने की कोशिश की गई।

समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पाया गया

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की वजह से समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। साथ ही, आग को गोदाम के आसपास बने दूसरे गोदामों और रिहायशी बिल्डिंगों में फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

Related Articles

Back to top button