
ढाका: बांग्लादेश में भगवान राम की 81 फीट ऊंची मूर्ति का निर्माण शुरू करने वाले हिंदू युवक हरि दास तारोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवक को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। बांग्लादेश हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद के जनरल सेक्रेटरी मनिंद्र कुमार नाथ ने हरि दास की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
मनिंद्र कुमार नाथ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने गाइबांधा जिले के पुलिस सुपरिटेंडेंट से फोन पर बात की थी। पुलिस अधिकारी ने उन्हें बताया कि हरि दास नाम के युवक को क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने ढाका के उत्तरा इलाके से गिरफ्तार किया है।
नाथ ने कहा कि पुलिस सुपरिटेंडेंट के अनुसार, हरि दास को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि युवक को गिरफ्तार करने के बजाय कट्टरपंथियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी।
भगवान राम की मूर्ति निर्माण से जुड़े थे हरि दास
हरि दास तारोनी उत्तरी बांग्लादेश के गाइबांधा जिले में भगवान राम की 81 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण शुरू कर रहे थे। यह मामला उस समय सामने आया जब पिछले महीने गाइबांधा जिले में एक इस्लामी प्रदर्शन के दौरान भगवान राम की तस्वीर के अपमान की खबर के बाद हिंदू समुदाय ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया था।
भारत ने बांग्लादेश सरकार से की थी अपील
इस मामले को लेकर भारत ने भी बांग्लादेश सरकार से कट्टरपंथी इस्लामी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की थी।
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत ने बांग्लादेश में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक प्रतीकों के अपमान की घटनाओं की रिपोर्ट देखी है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि बांग्लादेश सरकार कट्टरपंथियों पर नियंत्रण लगाएगी और अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
इस बीच, ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) मुख्यालय में आगामी रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता DMP कमिश्नर मोसलेह उद्दीन अहमद ने की।
बैठक में 16 जुलाई को होने वाली रथ यात्रा और 24 जुलाई को होने वाली उल्टो रथ यात्रा के लिए सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा की गई। पुलिस ने बताया कि आयोजन के दौरान पिकेट पार्टी, पेट्रोल पार्टी, CCTV निगरानी, फुट पेट्रोलिंग, रूफटॉप पार्टी, मोटरसाइकिल मोबाइल टीम, DB टीम, सादे कपड़ों में इंटेलिजेंस टीम, SWAT टीम, बम डिस्पोजल टीम और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि रथ यात्रा निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।









