
पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच टकराव लगातार गंभीर होता जा रहा है। खाड़ी क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज होने के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर तैनात दो पैट्रियट एयर डिफेंस रडार सिस्टम को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान ने इसे अपने हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन और हेंगम द्वीप पर अमेरिकी हमले का जवाब बताया है।
वहीं, बहरीन के एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में हमले के बाद आग लगने की घटना सामने आई है। दूसरी तरफ होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तेल टैंकरों पर हमलों और अमेरिकी ड्रोन गिराने के ईरानी दावों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम को निशाना बनाने का दावा
IRGC के मुताबिक, बहरीन के अल-रफा और अवाली एयरबेस पर तैनात अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों को निशाना बनाया गया। इस बीच बहरीन के अधिकारियों ने एक औद्योगिक प्रतिष्ठान पर हमले की पुष्टि करते हुए वहां आग लगने की जानकारी दी है। आग बुझाने के लिए दमकल और नागरिक सुरक्षा दलों को लगाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हमले के बाद बहरीन प्रशासन ने लोगों के लिए जारी खतरे की चेतावनी वापस ले ली और स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी। हालांकि, नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ईरान की इजरायल को जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
ईरानी संसद की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने इजरायल को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया तो तेहरान इजरायली ठिकानों को निशाना बनाकर जवाब देगा।
रेजाई ने स्पष्ट किया कि ईरान की चेतावनियों को महज बयानबाजी समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर इन पर अमल भी किया जा सकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हमले
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर समुद्री मार्गों पर भी दिखाई देने लगा है। ईरानी नौसेना के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में प्रतिबंधित क्षेत्र के भीतर एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
वहीं, ब्रिटेन की समुद्री एजेंसी ने ओमान के खासाब क्षेत्र के उत्तर और पूर्व में दो तेल टैंकरों पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमले की जानकारी दी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से खाड़ी क्षेत्र में तेल आपूर्ति और समुद्री परिवहन की सुरक्षा को लेकर आशंकाएं बढ़ गई हैं।
अमेरिकी MQ-9 और प्रीडेटर ड्रोन गिराने का ईरान का दावा
IRGC ने दो अलग-अलग घटनाओं में अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है। ईरान के मुताबिक, इनमें एक MQ-9 और दूसरा MQ-1 प्रीडेटर ड्रोन शामिल है। दोनों को होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।
सऊदी अरब ने बैलिस्टिक मिसाइल नष्ट करने का किया दावा
इस बीच सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से पश्चिमी सऊदी अरब की तरफ दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट करने का दावा किया है। मिसाइल खतरे को देखते हुए मक्का प्रांत में कुछ समय के लिए अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
हालांकि, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने मक्का को निशाना बनाने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि संगठन की सैन्य कार्रवाई तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों तक सीमित है।
यूरेनियम भंडार विदेश भेजने से ईरान का साफ इनकार
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि तेहरान की शर्तें स्वीकार की जाती हैं तो ईरान इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को दोबारा खोल सकता है।
हालांकि, 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को किसी दूसरे देश में भेजने की संभावना को उन्होंने पूरी तरह खारिज कर दिया। इस बयान से साफ है कि समुद्री मार्ग और परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान अपने रुख पर कायम है।
पश्चिम एशिया में लगातार हो रही सैन्य गतिविधियों, समुद्री हमलों और जवाबी कार्रवाई की धमकियों के बीच क्षेत्रीय तनाव और गहराता नजर आ रहा है।









