
बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने क्लर्क यानी कस्टमर सर्विस एसोसिएट (CSA) भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है।
जिन उम्मीदवारों ने पहले आवेदन नहीं किया था, उनके पास अब एक और मौका है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 21 अगस्त 2026 थी, जिसे बढ़ाकर अब 28 अगस्त 2026 कर दिया गया है। उम्मीदवार 28 अगस्त की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
11,403 पदों पर होगी भर्ती
IBPS Clerk 2026 भर्ती अभियान के तहत देश के अलग-अलग सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कुल 11,403 क्लर्क यानी Customer Service Associate पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
यह भर्ती CRP CSA XVI के तहत आयोजित की जा रही है। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक समेत कई सरकारी बैंक शामिल हैं।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें, क्योंकि आखिरी दिनों में वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक के कारण आवेदन में परेशानी आ सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन?
IBPS Clerk 2026 के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन होना जरूरी है। फाइनल ईयर के छात्र भी निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा उम्मीदवार को कंप्यूटर की सामान्य जानकारी होनी चाहिए। जिस राज्य के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान भी जरूरी होगा।
उम्मीदवार की उम्र 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क कितना है?
IBPS Clerk 2026 के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये रखा गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
कब होगी परीक्षा?
IBPS Clerk 2026 की प्रारंभिक परीक्षा 10 और 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने की संभावना है। प्रीलिम्स परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
मुख्य परीक्षा 27 दिसंबर 2026 को होगी। फाइनल मेरिट लिस्ट मेन्स परीक्षा के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसके बाद लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट प्रक्रिया का हिस्सा होगा।
इस भर्ती में इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा।
कितनी मिलेगी सैलरी?
क्लर्क पद पर चयनित उम्मीदवारों को वेतनमान के तौर पर 24,050 रुपये से 64,480 रुपये तक सैलरी मिलेगी। इसके अलावा बैंक नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी।
ऐसे करें IBPS Clerk 2026 के लिए आवेदन
- सबसे पहले IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और CRP Clerks/Customer Service Associate Recruitment लिंक खोलें।
- New Registration पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
- लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें।
- फोटो, सिग्नेचर, बाएं हाथ के अंगूठे का निशान और हस्तलिखित घोषणा पत्र अपलोड करें।
- अपनी कैटेगरी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें।
अब जिन उम्मीदवारों से पहले आवेदन नहीं हो पाया था, उनके पास 28 अगस्त 2026 तक IBPS Clerk 2026 भर्ती में शामिल होने का मौका है।









