
नई दिल्ली: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। QS World University Rankings 2027 में संस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 118वीं वैश्विक रैंक हासिल की है। इसके साथ ही IIT दिल्ली देश का सबसे उच्च रैंकिंग वाला भारतीय संस्थान बन गया है।
123वीं से 118वीं रैंक पर पहुंचा IIT Delhi
IIT दिल्ली ने पिछले साल की 123वीं रैंक से सुधार करते हुए इस बार 118वां स्थान हासिल किया है। यह किसी भारतीय संस्थान द्वारा QS World University Rankings में हासिल की गई सर्वोच्च रैंक की बराबरी भी है।
2024 से लगातार बेहतर हो रही रैंकिंग
IIT दिल्ली की प्रगति लगातार जारी है। QS World University Rankings 2024 में संस्थान 197वें स्थान पर था, जो अब बढ़कर 118वें स्थान तक पहुंच गया है। यह भारतीय उच्च शिक्षा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
विश्व स्तरीय शिक्षा पर फोकस: IIT Delhi
IIT दिल्ली के डीन और प्लानिंग एंड रैंकिंग सेल के प्रमुख प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय ने कहा कि संस्थान विश्वस्तरीय और किफायती तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नया पाठ्यक्रम, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ता अंतरराष्ट्रीय सहयोग आने वाले वर्षों में संस्थान की गुणवत्ता और प्रभाव को और मजबूत करेगा।
भारत की 52 यूनिवर्सिटीज को मिली जगह
QS World University Rankings 2027 में भारत की 52 यूनिवर्सिटीज को स्थान मिला है। इसके साथ भारत दुनिया का पांचवां सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला उच्च शिक्षा तंत्र बन गया है।
भारतीय संस्थानों की रैंकिंग
IIT दिल्ली के बाद IIT बॉम्बे 134वें, IIT मद्रास 170वें, IIT खड़गपुर 205वें और IIT कानपुर 221वें स्थान पर रहे।
दिल्ली विश्वविद्यालय ने 328वीं रैंक से सुधार कर 322वीं रैंक हासिल की है। वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) 558वीं से 555वीं रैंक पर पहुंच गया है।
जामिया मिलिया इस्लामिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 761-770 बैंड से छलांग लगाकर 686वीं वैश्विक रैंक हासिल की है।
दुनिया की टॉप-10 यूनिवर्सिटीज
QS World University Rankings 2027 में MIT लगातार दुनिया की नंबर-1 यूनिवर्सिटी बनी हुई है। इसके बाद Stanford University, Imperial College London, Oxford University, Harvard University, Cambridge University, California Institute of Technology, UCL, ETH Zurich और National University of Singapore को टॉप-10 में जगह मिली है।
18 भारतीय संस्थानों ने बनाया नया रिकॉर्ड
जामिया मिलिया इस्लामिया, JNU, BITS Pilani, VIT, Chandigarh University और Shoolini University समेत 18 भारतीय विश्वविद्यालयों ने इस साल अपनी अब तक की सर्वोच्च QS रैंकिंग हासिल की है।









