बाराबंकी में टीटीई को देखते ही मची भगदड़… जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन से कूदे बेटिकट यात्री…

बाराबंकी के रसौली स्टेशन पर अयोध्या-लखनऊ ट्रेन में चेकिंग अभियान। टीटीई को देख चलती ट्रेन से कूदे यात्री, 371 बेटिकट यात्री पकड़े गए।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रेलवे की औचक चेकिंग के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब टीटीई और अधिकारियों को देखते ही बेटिकट यात्रियों की सांसे फूल गईं। मामला रसौली स्टेशन का है, जहां अयोध्या से लखनऊ आ रही एक ट्रेन में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग टीम को सामने देख बचने की फिराक में कई यात्रियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना चलती ट्रेन से ही छलांग लगा दी।

बता दें, दंडात्मक कार्रवाई और जुर्माने से बचने के लिए कुछ शातिर यात्रियों ने ट्रेन के टॉयलेट्स के अंदर शरण ली और दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। हालांकि, चेकिंग टीम और सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी के चलते उनके ये पैंतरे काम नहीं आए। अधिकारियों ने ट्रेन के डिब्बों की सघन तलाशी ली और टॉयलेट में छिपे लोगों समेत कुल 371 बेटिकट यात्रियों को धर दबोचा। अपनी जान जोखिम में डालकर भागे कई यात्री मामूली रूप से हड़बड़ी में चोटिल भी हुए, लेकिन रेलवे स्टाफ ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी पकड़े गए यात्रियों को हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए सभी अवैध और बेटिकट यात्रियों को विशेष निगरानी में ट्रेन के जरिए आगे की कार्रवाई के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां उन पर रेलवे नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाया गया। रेलवे अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बेटिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ इस तरह के सरप्राइज अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे यात्रियों से अपील की गई है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।

Related Articles

Back to top button