
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 विश्व कप का एक और रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने बताया कि उनकी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं भारतीय टीम ने दो महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव को मौका मिला है।
इस मैच से पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के प्रति एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया था। हालांकि, कुछ दिन बाद उन्होंने अपना फैसला बदलते हुए मैच खेलने के लिए राजी हो गए। इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), बांग्लादेश और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बीच हफ्तों तक बातचीत हुई।
बता दें, टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें कागज पर और मैदान पर भी काफी मजबूत नजर आ रही हैं। इस कारण फैंस को इस मुकाबले में कांटे की टक्कर की उम्मीद है। हालांकि, प्रेमदासा स्टेडियम की पिच का रिकॉर्ड यह संकेत देता है कि मैच हाईस्कोरिंग नहीं होगा। यह वही पिच है जहां जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर सूर्यकुमार यादव ने बताया कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत की तरफ से खेलेंगे। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद दिलचस्प होगा।









