वर्ल्ड कप जीत के बाद ट्रेन से मुंबई पहुंचे शिवम दुबे, जानें किस वजह से करना पड़ा ट्रेन में सफर?

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने 96 रन से जीत दर्ज कर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया।

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी शिवम दुबे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने 96 रन से जीत दर्ज कर रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल था, लेकिन इसी बीच एक दिलचस्प घटना सामने आई जब वर्ल्ड कप के हीरो शिवम दुबे को मुंबई जाने के लिए ट्रेन से सफर करना पड़ा।

दरअसल, फाइनल मुकाबले के बाद शिवम दुबे अपने परिवार से मिलने के लिए जल्द से जल्द मुंबई पहुंचना चाहते थे। उन्होंने अपने और परिवार के लिए फ्लाइट टिकट बुक करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें किसी भी फ्लाइट में सीट नहीं मिल सकी। इसके बाद उनके पास दूसरा विकल्प कार से मुंबई जाने का था, लेकिन लंबा सफर होने की वजह से उन्होंने ट्रेन से जाने का फैसला किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शिवम दुबे सुबह-सुबह अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे और सयाजी एक्सप्रेस की थर्ड एसी कोच में बैठकर मुंबई के लिए रवाना हुए। उनके साथ उनकी पत्नी अंजुम भी मौजूद थीं। दुबे अपने चार साल के बेटे अयान और दो साल की बेटी महविश से जल्द मिलने के लिए उत्सुक थे, जो मुंबई में उनका इंतजार कर रहे थे।

हालांकि एक बड़े क्रिकेट स्टार के लिए ट्रेन से सफर करना आसान नहीं था, क्योंकि उन्हें पहचान लिए जाने का खतरा था। इससे बचने के लिए दुबे ने अपना चेहरा ढक लिया, मास्क और टोपी पहन ली और पूरी बांह की टी-शर्ट पहनकर स्टेशन पहुंचे।

उन्होंने सोचा था कि सुबह करीब 5:10 बजे ट्रेन होने की वजह से स्टेशन पर ज्यादा भीड़ नहीं होगी, लेकिन वहां भी क्रिकेट फैंस की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। ऐसे में दुबे ने सावधानी बरतते हुए अपनी कार में इंतजार किया और ट्रेन के रवाना होने से करीब पांच मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचे।

बताया जाता है कि शिवम दुबे को थर्ड एसी कोच में टॉप बर्थ मिली थी। पूरे सफर के दौरान उन्हें यह चिंता भी बनी रही कि कहीं कोई सहयात्री उन्हें पहचान न ले। एक बार तो ऐसा भी हुआ कि उनकी पहचान सामने आने ही वाली थी, लेकिन उन्होंने किसी तरह स्थिति संभाल ली।

भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद शिवम दुबे की यह कहानी सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है और फैंस उनके इस साधारण अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button