
भारत ने पहली बार समुद्री मार्ग से अमेरिका को अनार का निर्यात किया है। वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।मंत्रालय के अनुसार, भारत ने करीब 14 टन अनार, जो कि 4,620 बॉक्स में पैक किए गए थे, अमेरिका के ईस्ट कोस्ट पर भेजे हैं। यह खेप पिछले महीने समुद्री मार्ग से पहुंची।
गौरतलब है कि अब तक भारत से अमेरिका को अनार का निर्यात केवल हवाई मार्ग से किया जाता था। लेकिन अब उद्योग जगत अधिक लागत प्रभावी और पर्यावरण के अनुकूल समुद्री मार्ग को अपनाने की ओर बढ़ रहा है।
अमेरिका ने 2023 के मौसम के दौरान भारतीय अनार को बाजार में पहुंच की मंजूरी दी थी। इसके बाद यह पहली बार है जब समुद्री मार्ग से अनार की आपूर्ति की गई है, जो भारत के कृषि निर्यात के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।