
लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान आज है। दूर-दराज से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंच रहे हैं। लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई है। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिये पुलिस के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। बता दें, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर तीर्थ नगरी में सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दान करने से मनुष्य की सभी पीड़ा दूर होती है। देर रात से ही पूर्णिमा का स्नान शुरू है। सुबह सूतक लगने से पूर्व लाखों श्रद्धालुओं ने स्नान किया है।
कार्तिक पूर्णिमा पर राम नगरी अयोध्या में भी आस्था का सैलाब देखने को मिला। सुबह तड़के से ही सरयू घाट पर स्नान दान करने वालों की भारी भीड़ उमड़ी है। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर जगह-जगह मेले का आयोजन किया है। आज वर्ष का आखिरी चंद्रग्रहण है इसलिए भी सरयू स्नान का विशेष महत्व है। बता दें कि चंद्र ग्रहण शाम 5:10 से शुरू होगा।